बौद्धिक अपच केवल महाकुम्भ पर क्यों…?

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

अतिबौद्धिकता की बदहज़मी से पीड़ित होकर केवल महाकुम्भ पर शाब्दिक वमन करने वाली एक कूपमण्डूक जमात इस समय देश में बहुत चिंतित गैंग बन चुकी है। मस्तिष्क में हुई रासायनिक उथलपुथल से केवल उन्हें करोड़ों स्नान करने श्रद्धालु, कई वाहन जो जाम में फंसे हैं, या फिर रेलवे स्टेशनों पर संगम जाने को प्रतीक्षित भीड़ ही नज़र आ रही है, शेष विश्व में अन्य धर्मों में जो हुआ वह सबसे अच्छा है।
महाकुम्भ 2025 सनातन आस्था का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है। यक़ीनन भगदड़ भी हुई, जनहानि भी हुई, जाम भी लगा, स्टेशनों पर भीड़ भी जमा हुई और यहाँ तक कि अब भी रेलवे या अन्य साधनों से प्रयागराज आवागमन और रहना सरल, सहज और सस्ता नहीं है, बावजूद सनातनियों की आस्था पर कोई बैरिकेड नहीं लगा है। लगातार लाखों लोग प्रयागराज पहुँच रहे हैं, स्नान कर रहे हैं, और महाकुम्भ का भी आनंद ले रहे हैं।
छद्म अतिबौद्धिक लाल सलाम गैंग को केवल अव्यवस्था ही तो दिख रही है, जबकि उम्मीद से 10 गुना लोग पहुँच गए, उसके बाद भी भयानक अव्यवस्था जैसा तो कुछ नज़र नहीं आया।
उस बौद्धिक अजीर्ण से पीड़ित गैंग को हज यात्रा के दौरान मची हुई भगदड़ पर लिखने या बोलने पर मानो साँप सूंघ जाता है। शब्द इतने जम जाते हैं कि मानो आका के विरुद्ध बोलने पर गर्दन पर छुरी दिखती है।
याद करो साल 2015 में हज यात्रा के दौरान मची भगदड़ तो सबसे भयानक थी। इस भगदड़ में हज़ारों लोगों की मौत हो गई थी। तब क्या मुँह में दही जम गया था?
साल 1990 में मक्का में हज के दौरान भगदड़ मच गई थी। दुष्परिणाम स्वरूप इस भगदड़ में क़रीब 1,400 लोगों की मौत हो गई थी। साल 2006 में भी हज के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में भी हज़ारों लोग बहत्तर हूरों से मिलने चले गए थे।
24 सितम्बर 2015 में तो मक्का के मीना में शैतान को पत्थर मारने के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में हज़ारों लोग बहत्तर हूरो से गले लग गए थे। तब यह (अति) बौद्धिक जमात कहाँ बिल में घुस गई थी!
आका के विरुद्ध एक शब्द न निकलना और सबसे सहिष्णु सनातनियों के लिए विधवा विलाप जारी रखना यह कौन-सी बीमारी है?
जब नाइजीरिया के उके में एक चर्च में भगदड़ हुई और सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई थी, वहीं, लागोस में एक धार्मिक समारोह में भी कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा ब्राज़ील और मैक्सिको में बड़े कैथोलिक जुलूसों में भीड़ प्रबंधन से जुड़ी समस्यायें देखी गयी हैं, जिसमें भगदड़ मचती रही है, तब यह रुदाली गैंग कहाँ बिलबिला रही थी?
आरोप-प्रत्यारोप के सभी मानक केवल सनातन धर्मावलंबियों पर और अन्य के समय होंठ सिल जाते हैं। कमाल का दोगलापन है इस बौद्धिकता के नाम पर हलकटपन से सनी गैंग में। जबकि यह हलकट गैंग अन्न तो भारत का खाती है किन्तु तनख्वाह विदेशों में बैठे आकाओं से पाती है। और भारतीयों के प्रति नमक हरामी का पूरा कार्य करके अपने आपको जँचाती है।
वाम के नाम पर काम परोसने वाली यही रुदाली गैंग के विरुद्ध अन्य धर्मों की तरह सनातनियों ने कोई सख़्त कार्यवाही नहीं की, इसी का लाभ उठाकर अपना मुँह सनातनियों की आस्था पर हमले करके चलाती है, अन्यथा नानी-दादी याद आ जाती अब तक तो।
ऐसी विषवमन गैंग का एक सूत्रीय कार्यक्रम केवल सनातन धर्मावलंबियों पर आकर इसलिए भी ठहर जाता है क्योंकि सनातन प्रशांत महासागर की तरह गहरा और उदार है। इस उदारता का नाहक फ़ायदा उठाने वालों के प्रति जिस दिन उदारता छोड़ दी, याद रखना लेने के देने पड़ जाएँगे।
अब आस्था के महोत्सव के समापन का दौर है, छुटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो अब तक का सबसे बड़ा महोत्सव सानंद समापनता की ओर अग्रेषित है। और अब नई तैयारी है सिंहस्थ 2028 की उज्जैन में। प्रशासन मुश्तैद तो है और प्रयागराज से सबक लेकर उज्जैन की व्यवस्थाओं को अधिक सुलभ बनाएगा। पर रुदाली गैंग तब भी आपदा में शाब्दिक वमन का कारण खोजेगी। वह अपना काम करेगी, सनातनी अपना काम करेंगे। अंततः सबक सिखाते हुए आस्था बलवान रहे, यही ध्येय है।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
इन्दौर, मध्यप्रदेश

महाकुम्भ #महाकुम्भ2025 #mahakumbh2025 #mahakumbh2025prayagraj #mahakumbhprayagraj #mela2025 #kumbhamela #mahakumbhmela #mahakumbh #MahakumbhStampede #महाकुंभ #YogiAdityanath

सावधान! अपने बच्चों को संभाले इन्दौर

ख़बर सुनना, पढ़ना और सोशल मीडिया पर वीडियो देखना पर इस बात को भूल न जाना कि इस समय शहर में दशहत का माहौल है और इस बीच अपने बच्चों की सुरक्षा बेहद आवश्यक है। शहर में दिन-प्रतिदिन बच्चों की चोरी की घटनाएँ बढ़ रही हैं, ऐसे में पुलिस अपना काम तो मुश्तैदी से कर ही रही है पर माता-पिता की एक ग़लती या लापरवाही भी घर के बच्चों के लिए भारी पढ़ सकती है।
निःसंदेह पिछले दो सप्ताह में कई ऐसी वारदातें हुई हैं, पुलिस का कहना तो साफ़ है कि ऐसी कोई गैंग के बारे में कोई सूचना नहीं मिली पर टुकड़े-टुकड़े में हुई कई घटनाओं में आसपास के कैमरे इस बात को क़ैद करने में सफल रहे कि कोई व्यक्ति, महिला या बुज़ुर्ग बच्चों को बहला-फुसला कर अपने साथ ले जा रहा है। कुछ जगह पर बच्चों के साथ कुछ महिलाओं को जनता ने पकड़ा है।
बीते दिनों राउ क्षेत्र में एक महिला को जनता ने बच्चा चोरी करके ले जाते हुए पकड़ा, जीत नगर, बिलावली का मामला भी सामने आया ही है, जिसमें महिला को रंगेहाथों बच्चा चोरी करके ले जाते हुए जनता ने पकड़ा। इसी तरह द्वारका पुरी क्षेत्र में भी बच्चे का अपहरण का मामला हुआ। ऐसा ही खजराना थाना क्षेत्र में भी एक वारदात हुई, बच्चा इन्दौर के पास के एक गाँव में प्राप्त हुआ। ऐसे कई प्रकरण लगातार सामने आ रहे हैं।
ऐसे में माँ-पिता के साथ-साथ मोहल्लेवासियों को भी सचेत रहना होगा, यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति मोहल्ले में, गली में नज़र आए तो तुरंत पूछताछ करें, संदेह करना ग़लत नहीं है। बच्चों को विद्यालय की गाड़ी तक ख़ुद छोड़ने-लेने जाएँ क्योंकि आपकी असावधानी और लापरवाही भी बच्चे के लिए घातक हो सकती है। ये बच्चा चोर गैंग लगातार कई शहरों में वारदातों को अंजाम दे रही है, न केवल इन्दौर बल्कि आसपास के गाँव दराज भी इससे अछूते नहीं हैं। बच्चियों को बेच देना और लड़कों से भीख मंगवाना, अपराध कराना यह सब काम करने में ये बच्चा चोर गैंग अव्वल है। इसलिए सावधानी और सतर्कता ही एकमात्र बचाव है।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
पत्रकार एवं हिन्दीयोद्धा
इन्दौर

अटल जी की स्मृति को नगर निगम ने दिया स्थायी पता : अटल बिहारी मार्ग

देशभर में नाम परिवर्तन की बयार छाई हुई है, कहीं शहरों के नए नामकरण हो रहे हैं तो कहीं-कहीं गाँव, गली और मोहल्लों के नाम बदले जा रहे हैं। कहीं इमारतों के नाम तक बदल दिए, ऐसे में नगर निगम इंदौर ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम को इंदौर में जीवटता से प्रस्तुत करते हुए महत्त्वपूर्ण आगरा-बॉम्बे मार्ग का नाम बदल कर अटल बिहारी मार्ग कर दिया है।
अटल जी की जन्मशताब्दी के सुअवसर पर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपनी निष्ठा वाले राजनैतिक दल के पितृपुरुष व भारत के गौरवशाली प्रधानमंत्री के नाम पर एबी रोड़ का नाम परिवर्तन कर शहर को गौरव तो दिया ही, साथ में अपनी पार्टी के आकाओं की नज़र में भी एक बड़ा काम कर दिया है।
अब शहर के जिस मार्ग को अटल जी के नाम पर किया है, उसे शराबखोरी, पब और अन्य अवैधानिक गतिविधियों से भी मुक्त कर अटल जी को श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
श्रद्धेय अटल जी ने जिस सांस्कृतिक निष्ठा का जीवन पर्यन्त अनुपालन किया, उसे ध्यान में रखकर उस मार्ग की सद्गति भी निर्धारित की जाए। यदि उसी मार्ग पर कोई शराबी, चरसी, नशेड़ी पब से निकले और पुलिस की धरपकड़ में आया तो यही लिखा जाएगा कि अटल बिहारी मार्ग पर पकड़ाए नशेड़ी, यह भी नाम के साथ विरोधाभास और कलंकित कृत्य होगा। ऐसे में जनता तो चाहती है कि एबी रोड को पब कल्चर से मुक्ति दिलाई जाए, आपराधिक तत्त्वों की धरपकड़ कर कम से कम उस मार्ग की तमाम शराब दुकानों को हटवाया जाए, ताकि पूर्व प्रधानमंत्री के नाम की गरिमा अनुरूप कार्य हो। संस्कृति और साहित्य का केन्द्र भी उस मार्ग पर बन सकता है। महापौर भार्गव से इस दिशा में प्रयास करने की अपेक्षा है।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
पत्रकार एवं हिन्दीयोद्धा
इंदौर, मध्यप्रदेश

बुलेट युग में मेट्रो की समस्या से जूझता ‘इन्दौर’

भारतीय राजनीति में अपने स्वर्णिम इतिहास का बखान करता हुआ शहर, जिसने सत्ता को सदैव अपना सहयोग दिया, जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व से प्रदेश को गौरवान्वित किया, सत्ता को इतना बल दिया कि शायद ही कोई शहर दे पाए। वर्तमान में सत्ताधारी राजनैतिक दल को पूरे नौ विधायक, महापौर, सांसद, पार्षद सब चुनकर दिए पर वर्तमान के तमाम जनप्रतिनिधियों से शहर इन्दौर का विकास और समस्याएँ हल होने का नाम नहीं ले रहीं।
एक तरफ़ देश के विकास दर के आँकड़े क़दम-दर-क़दम बढ़ते जा रहे हैं, विकास की अट्टालिकाएँ खड़ी हो रही हैं, वहीं इन्दौर का ग्राफ़ गिरता नज़र आने लगा। मेट्रो का स्वप्न उस युग में भी कमज़ोर दिखाई दे रहा है, जब दुनिया बुलेट ट्रेन की तरफ़ बढ़ चुकी है। अतिक्रमण, पार्किंग विहीन मेट्रो स्टेशन, शहर की यातायात समस्या, धूल-धुएँ की जद में आता इन्दौर, और फिर अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन का संकट शहर के सामने मुँह बाहें खड़ा है।
जनप्रतिनिधि शहर में बढ़ रहे अपराध के लिए चिंतित नज़र नहीं आ रहे, फिर विकास का स्वप्न देखना शहर के लिए तो दूभर ही है।
हालात इतने बदतर होते जा रहे हैं कि अभी शहर का बाशिंदा शहर में नौकरी करना नहीं चाहता, या यूँ कहें कि शहर में नौकरियों का संकट सामने खड़ा हुआ है। ऐसे में युवा शहर छोड़कर अन्य शहरों की ओर पलायन कर रहा है।
मेट्रो तो चलने लगी पर किस मार्ग से, यह सबके सामने है। इसलिए अब जनता की पीड़ा को समझने के लिए जनप्रतिनिधियों को सामूहिक रूप से शहर की चिन्ता करनी चाहिए, क्योंकि इन्दौर ने सदैव सत्ता को सबलता प्रदान की है।
आज कमज़ोर विपक्ष और मनमानी सत्ता से शहर का भाग्य धूल धूसरित हो रहा है। चिंता इसलिए भी आवश्यक है, क्योंकि इन्दौर ने मध्य प्रदेश का आर्थिक भाग्य लिखा है, इन्दौर की विकास दर पर चिंता करके इस समास्याओं से इन्दौर को मुक्त कीजिए, अन्यथा जनता की नाराज़गी फिर मतदान में दिखने लगेगी।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
पत्रकार एवं हिन्दीयोद्धा
इन्दौर

शहर में फैल रहा ‘ई-रिक्शा’ से अव्यवस्थाओं का महाजाल

लापरवाह और बेपरवाह बनता जा रहा महानगर इन्दौर, इन दिनों ई-रिक्शा के कहर से भी अछूता नहीं है। जहाँ मर्ज़ी ई-रिक्शा रोकी और सवारी बैठाना-उतारना शुरू, जहाँ मर्ज़ी वहाँ पार्किंग। ऐसे में आलम यह है कि शहर की सुचारू बन रही यातायात व्यवस्थाओं में भी यह ई-रिक्शा मुसीबत बनती जा रही हैं।
बीते दिनों तो इन्दौर शहर में ई-रिक्शा की बैटरी फटने से दो लोगों की मौत हो गई। मामला विजय नगर क्षेत्र का है, जिसमें ई-रिक्शा की बैटरी फटने से झुलसी 60 वर्षीय रामकुंवर बाई पति नाथूसिंह के इलाज के दौरान बुधवार सुबह मौत हो गई। इसी हादसे में झुलसी उनकी बेटी पवित्रा की सोमवार को मौत हो गई थी। दोनों का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा था। ई-रिक्शा चालक भी इस दुर्घटना में झुलसा है, जिसका इलाज चल रहा है। उसके ख़िलाफ़ पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया है।
ई-रिक्शा निश्चित रूप से सस्ते और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अच्छा माध्यम हो सकते हैं किन्तु अव्यवस्था और मनमानी के चलते हादसों के कारण भी बनते जा रहे हैं। ऐसे कई मामले हैं जिसमें ई-रिक्शा से यात्रियों की जान जोखिम में डालना, यातायात नियमों का उल्लंघन, और दुर्घटनाएँ शामिल हैं, जैसे कि एक ई-रिक्शा में बहुत ज़्यादा लोगों का बैठना, बैटरी फटने से आग लगना, और अन्य वाहनों से टक्कर। ये घटनाएँ लापरवाही, सुरक्षा नियमों की अनदेखी और कभी-कभी जानबूझकर ख़तरे पैदा करने का परिणाम हैं।
ये बेलगाम ई-रिक्शा संचालक यात्रियों की क्षमता से ज़्यादा लोगों को उसमें बैठा लेते हैं, और इससे यात्रियों की जान जोखिम में डाल देते हैं। ई-रिक्शा का अन्य वाहनों से टकराना और दुर्घटनाओं का कारण बनना भी शामिल है, जिसमें कई मौतें भी हुई हैं।
शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना है तो इन ई-रिक्शाओं को नियंत्रित और नियमानुसार संचालित करना होगा, भीड़ वाले क्षेत्र जैसे राजवाड़ा, रीगल, पलासिया चौराहा, मधुमिलन क्षेत्र, विजय नगर, रसोमा चौराहा सहित लालबाग चौराहा, महूनाका, अन्नपूर्णा क्षेत्र इत्यादि में इन ई-रिक्शाओं के कहर से यातायात व्यवस्था भी बिगड़ रही है और यात्रियों की जान का संकट भी खड़ा है।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
पत्रकार एवं हिन्दीयोद्धा,
इन्दौर

पत्रकारों से क्यों छूट रहा पुस्तकालय या संदर्भ कक्ष?

चौथा खम्बा

लिखने से अधिक पढ़ना चाहिए, यह सनातन सत्य है, जो हर लिखने-पढ़ने वाले व्यक्ति से कहा जाता है, पर क्या आज भी लोग लिखने से अधिक पढ़ने में विश्वास करते हैं? इस प्रश्न के उत्तर को खोजने पर खाली हाथ ही लौटना होगा। कारण साफ़ है, आपाधापी के दौर में पत्रकारिता के लोग अब केवल लिखने पर विवश हैं, भाषाई समृद्धता की ओर न तो पत्रकारिता संस्थान ध्यान देते हैं और न ही पत्रकार।

यही सच है कि मीडिया संस्थानों से पुस्तकालयों ने विदाई लेना शुरू कर दी है, कुछेक इक्का-दुक्का संस्थान ही शेष बचे हैं जहाँ निजी पुस्तकालय जीवित हैं। कुछ मीडिया संस्थानों में पुस्तकालय तो जीवित हैं पर वहाँ पत्रकारों के पास फुरसत नहीं है कि उस पुस्तकालय का कभी उपयोग कर लिया जाए। इन्दौर प्रेस क्लब में पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने प्रीतमलाल दुआ स्मृति संदर्भ एवं अध्ययन कक्ष का निर्माण करवाया, सैंकड़ों किताबें रखवाईं, वरिष्ठ लाइब्रेरियन एवं पत्रकार कमलेश सेन के माध्यम से दुरुस्तीकरण और संयोजन भी करवाया पर भाग्य अनुसार उस पुस्तकालय में 6 महीने में कुछ पाठक भी ऐसे नहीं आए, जो किसी किताब को पढ़ना चाहते हों अथवा उन्हें पढ़ने के लिए ऐसी किसी पुस्तक की आवश्यकता हो जो पुस्तकालय में नहीं हो और क्लब उसे ख़रीदकर बुलवा सके।
ऐसे कठिन दौर में भी पत्रकारों को अपनी पढ़ने-लिखने की आदत को फिर से जीवित रखना होगा। पहले के समय में जैसे संदर्भों का उपयोग/प्रयोग ख़बरों में किया जाता था, अब वह भी डायनासोर की भांति विलुप्त होता जा रहा है। संदर्भों का अध्ययन करना होगा, तभी हमारी लिखने की शक्ति बढ़ेगी, भाषाई और शाब्दिक संपदा में बढ़ोत्तरी होगी वरना एक दिन यह अच्छी भाषा भी विलुप्त हो जाएगी। इस समय पत्रकारिता के सामने भाषाई सौन्दर्य और हिन्दीनिष्ठ भाषा दो महत्त्वपूर्ण चुनौतियाँ हैं, जो भाषाई अस्तित्व को बचा सकती हैं। ऐसे में यदि हमने पुस्तकालय नहीं बचाए तो पुस्तक संस्कृति मर जाएगी, फिर रोबोट ही लिखेंगे एआई या गूगल के सहारे तथ्यात्मक ख़बरें।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
पत्रकार एवं लेखक, इंदौर

पारंपरिक सराफ़ा बाज़ार बचाना शहर की ज़िम्मेदारी

वर्षों से शहर की पुरातन परम्पराएँ जीवित हैं, उसमें शहर की पहचान भी सम्मिलित है और शहर के खान-पान का ठियों का भी अपना महत्त्व है। उन्हीं पारंपरिक पहचान में शहर के सराफ़ा बाज़ार में रात में लगने वाला खाने-पीने का बाज़ार भी शामिल है। लगभग सौ वर्षों से अधिक समय से यह बाज़ार इस शहर में सजता है।
इंदौर के स्‍वादिष्‍ट व्‍यंजन पूरे भारत में मशहूर हैं। यहाँ का सराफ़ा बाज़ार का स्‍ट्रीट फ़ूड मार्केट है। यहाँ घूमने आने वाले लोगों को हज़ारों तरह के अलग-अलग व्‍यंजनाें का स्‍वाद चखने का मौका मिलता है। अगर आप शाकाहारी हैं, तो आपके लिए तो यह मार्केट बहुत अच्‍छा है, क्‍योंकि यहाँ पर कुछ भी माँसाहारी नहीं मिलता। स्थानीय सराफ़ा व्यापारियों ने ही इस बाज़ार को प्रोत्साहित किया था, ताकि उनकी दुकानें अंधेरी रात में भी सुरक्षित रहें। किन्तु विगत कुछ सालों से इस बाज़ार में पारंपरिक स्वाद के अलावा विदेशी स्वाद चाइनीज़, इटालियन, मैक्सिकन खाद्य सामग्री की भरमार होने लग गई। साथ ही, कई विकृतियों ने घर करना शुरू कर दिया था। इसी को लेकर स्थानीय सराफ़ा व्यापारियों ने प्रशासन से शिकायतें कीं और परिणाम स्वरूप इस मार्केट से अब उन गैर पारंपरिक खाद्य पदार्थों का विक्रय प्रतिबंधित किया गया है।
बहरहाल, विषय यह भी है कि क्या इंदौर चाहता है कि हम ‘फ़ूड कैपिटल ऑफ़ मध्यप्रदेश’ का अपना तमगा खो दें या फिर अपने पुरातन स्वाद को समाप्त कर दें या फिर उन पारंपरिक व्यंजनों से आने वाली पीढ़ी को वंचित कर दें?
यदि इंदौर यह सब नहीं चाहता है तो फिर इंदौर को प्रशासन के इस निर्णय के साथ खड़ा होना होगा। हमें अपने पुरातन स्वाद को बचाना है तो तटस्थ होना ही होगा। हमें सराफ़ा में होने वाली उच्छंदताओं के विरुद्ध एकजुट होना पड़ेगा, खाद्य सामग्रियों के नाम पर परोसे जाने वाले कचरे का विरोध करके अपने इंदौर के पारंपरिक स्वाद को जीवित रखना होगा, तभी हम देशभर में व्याप्त हमारी पहचान बचा पाएँगे वरना एक दिन यह सब चाइनीज़, इटेलियन, मैक्सिकन और न जाने क्या उटपटांग की भेंट चढ़ जाएगा।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
पत्रकार एवं हिन्दीयोद्धा
इंदौर

ट्रैफिक प्रहरी अभियान में शामिल होकर डॉ. अर्पण जैन ने जागरूकता में दिया योगदान

सड़क सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी, आदतें बदलने से होगा सुधार

इंदौर। ट्रैफिक पुलिस द्वारा संचालित “ट्रैफिक प्रहरी अभियान” लगातार शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात में जनसहभागिता बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
इसी कड़ी में डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’, अध्यक्ष-मातृभाषा उन्नयन संस्थान और सामाजिक कार्यकर्ता सौरव गौसर ने अभियान से जुड़कर अपनी सक्रिय सहभागिता दी। डॉ.जैन द्वारा यातायात पुलिस के साथ खड़े होकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, नियमों के पालन और जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि “जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता में देशभर में सिरमौर बनकर मिसाल कायम की है, उसी तरह यदि नागरिक ट्रैफिक नियमों का जिम्मेदारी से पालन करें, तो हम सभी की सहभागिता से इंदौर यातायात व्यवस्था में भी बेहतर बना सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “अभियान में शामिल होकर मैं स्वयं अनुभव कर रहा हूँ कि यातायात संचालन कितना चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन यदि इंदौरवासियों का सहयोग मिलेगा, तो सड़क हादसों में निश्चित रूप से कमी आएगी और शहर की यातायात व्यवस्था और भी सुगम व सुरक्षित बनेगी।”

एआई के दौर में ज़रूरी है पत्रकारों की तकनीकी दक्षता

चौथा खम्बा

घटना हुई, पॉइंट बना, ब्रेकिंग हुई, इसी बीच वेबसाइट या सोशल मीडिया पर पूरा घटनाक्रम समाज के सामने आ गया, इस तकनीकी दौर में जो तत्परता सोशल मीडिया का उपयोगकर्ता दिखाता है, उससे कहीं अधिक तत्परता ज़िम्मेदार पत्रकार को भी रखनी होगी, अन्यथा उसकी प्रासंगिकता समाप्त हो जाएगी। और तत्परता के साथ-साथ ख़बरों की पुष्टि भी महत्त्वपूर्ण ज़िम्मेदारी है।
ऐसे तकनीकी दौर में पत्रकारों को नए मीडिया के साथ क़दमताल करना भी आना चाहिए। तमाम अनुभवों के बाद भी जब तकनीक की बात आती है तो पत्रकार पिछड़ते जाते हैं। इस प्रयोजन के लिए पत्रकारों को नए ज़माने के टूल्स के साथ अपना नाता बनाना होगा।
जैसे-जैसे डिजिटल मीडिया अपना विस्तार कर रहा है, वैसे-वैसे पत्रकारों को भी सूचनाओं की पुष्टि, उनका प्रेषण और प्रकाशन भी त्वरित करने की आदत डालनी होगी।
देश के कई संस्थान अपने व्यय पर तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करते हैं, और व्यक्ति निजी रूप से भी तकनीक को सीख सकता है।
जैसे एआई और ग्रुक का प्रयोग, ईमेल तकनीक, वॉइस टाइपिंग और वीडियो एडिटिंग के साथ-साथ अब नए टूल्स भी सीखना अनिवार्य होगा। कैसे गूगल का उपयोग कर सकते है,? कैसे ख़बरों के वेरिफ़िकेशन की नई टेक्नीक का इस्तेमाल कर सकते हैं? इन सबके अतिरिक्त प्रत्येक पत्रकार को अब सोशल मीडिया मार्केटिंग और सर्च इंजिन ऑप्टिमाइज़ेशन की जानकारी होना भी ज़रूरी है। अपनी ख़बरों को कैसे वायरल करें? यूट्यूब पर कैसे ख़बरे प्रसारित होती हैं? इन विषयों पर भी गंभीरता के साथ प्रशिक्षित होना आवश्यक होगा।
आने वाले समय में मोबाइल जर्नलिस्म बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहा है, ऐसे में हर पत्रकार को मोजो सीखना होगा ताकि अपना वजूद स्थापित रख सके, वरना नई तकनीक पुराने तरीकों को धूल धूसरित कर रही है।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
पत्रकार एवं हिन्दीयोद्धा, इंदौर

क्या बर्बाद यातायात व्यवस्था का हल है हेलमेट की अनिवार्यता?

शहर में पहले की तरह ही हल्ला मचाया जा रहा है कि सरकार हेलमेट न लगाने वालों को अब फिर से पेट्रोल देना बंद कर रही है। भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम 2023 का हवाला लेकर इन्दौरी सरकार ने आदेश कि आगामी 1 अगस्त 2025 से बिना हेलमेट लगाये दो पहिया वाहनों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। पेट्रोल पंप की निगरानी की जाएगी, उम्मीद की जा रही है कि इस आदेश के बाद सड़क दुर्घनाएँ कम होंगी।
इस तरह के आदेश पहले भी इन्दौर में आ चुके हैं, कुछ ही दिनों में ऐसे आदेश की धज्जियाँ उड़नी शुरू हो जाती हैं, पहले भी जब यह आदेश आया तो पेट्रोल पंप के कैमरे की निगरानी से थोड़ा दूर खड़ा पम्प कर्मचारी हेलमेट मुहैय्या करवाता है, आप पेट्रोल भरवा कर दूसरी ओर से जैसे निकलेंगे, पम्प का ही दूसरा कर्मचारी आपसे वापस हेलमेट ले लेगा। अब इससे तो हेलमेट की अनिवार्यता की भी धज्जियाँ उड़ गईं और यह आदेश भी नाक़ामयाब हुआ।
इसी तरह, इन्दौर नगरीय सीमा में अस्त-व्यस्त यातायात के चलते सामान्य दो पहिया वाहनों की गति प्रायः 20 किमी से 40 किमी तक ही होती है, ऐसी मध्यम गति में वाहनों की टक्कर संभवतः कम या नगण्य होती है।
स्वच्छतम शहर की मुख्य समस्या सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि बिगड़ा हुआ यातायात व्यवस्थाओं का ढर्रा, असुरक्षित सड़क मार्ग, आए दिन लगने वाला सड़क जाम, घटिया गुणवत्ता की सड़कें, जिनमें बारिश में तो कई गड्ढों ने अपना घर बना लिया, पुराने मार्ग पर अतिक्रमण, हॉकर ज़ोन की कमी है, पर नगर सरकार ने इस दिशा से ध्यान हटाने के लिए अपना रूख़ हेलमेट की ओर कर लिया। पिछली बार जब इसी तरह का आदेश लाया गया था, तब भी कोई ख़ास कारगर नहीं हुआ, कुछ ही दिनों में इस आदेश को वापस लिया गया। अब फिर इसे लाकर थोड़ी हेलमेट बनाने वाली कंपनियों को लाभ तो पहुँचाया जाएगा, पर धरातल पर फिर वही ढाक के तीन पात।
बात यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की हो रही थी, पर नगर सरकार हेलमेट पर ही अटक गई, ऐसे में हिंदी की एक कहावत याद आती है- ‘आए थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास।’

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
लेखक एवं पत्रकार
इन्दौर, मध्यप्रदेश