अंतर्राज्यीय भाषा समन्वय से भारत में स्थापित होगी हिन्दी

अंतर्राज्यीय भाषा समन्वय से भारत में स्थापित होगी हिन्दी

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

विविधताओं में एकता की परिभाषा से अलंकृत राष्ट्र यदि कोई हैं तो भारत के सिवा दूसरा नहीं | यक़ीनन इस बात में उतना ही दम हैं जितना भारत के विश्वगुरु होने के तथ्य को स्वीकार करने में हैं | भारत संस्कृतिप्रधान और विभिन्न जाति, धर्मों, भाषाओं, परिवेश व बोलियों को साथ लेकर एक पूर्ण गणतांत्रिक राष्ट्र बना | इसकी परिकल्पना में ही सभी धर्म, पंथ, जाति और भाषाओं का समावेश हैं |

जिस राष्ट्र के पास अपनी २२ संवैधानिक व अधिकारिक भाषाएँ हों, जहां पर कोस-कोस पर पानी और चार कोस पर बानी बदलने की बात कही जाती है, जहां लगभग १७९ भाषाओं ५४४ बोलिया हैं बावजूद इसके राष्ट्र का राजकाज एक विदेशी भाषा के अधिकनस्थ और गुलामी की मानसिकता के साथ हो रहा हो यह तो ताज्जुब का विषय हैं | स्वभाषाओं के उत्थान हेतु न कोई दिशा हैं न ही संकल्पशक्ति | भारतीय भाषाएं अभी भी विदेशी भाषाओं के वर्चस्व के कारण दम तोड़ रही रही हैं | एक समय आएगा जब देश की एक भाषा हिन्दी तो दूर बल्कि अन्य भारतीय भाषाओं की भी हत्या हो चुकी होगी | इसलिए राष्ट्र के तमाम भाषा हितैषियों को भारतीय भाषाओं में समन्वय बना कर हिन्दी भाषा को राष्ट्र भाषा बनाना होगा और अंतर्राज्यीय कार्यों को स्थानीय भाषाओं में करना होगा | अँग्रेजियत की गुलाम मानसिकता से जब तक किनारा नहीं किया जाता भारतीय भाषाओं की मृत्यु तय हैं| और हिन्दी को इसके वास्तविक स्थान पर स्थापित करने के लिए सर्वप्रथम यह आवश्यक है कि इसकी स्वीकार्यता जनभाषा के रूप में हो | यह स्वीकार्यता आंदोलनों या क्रांतियों से नही आने वाली है | इसके लिए हिन्दी को रोजगारपरक भाषा के रूप में विकसित करना होगा क्योंकि भारत विश्व का दूसरा बड़ा बाजार हैं और बाजारमूलक भाषा की स्वीकार्यता सभी जगह आसानी से हो सकती हैं | साथ ही अनुवादों और मानकीकरण के जरिए इसे और समृद्धता और परिपुष्टता की ओर ले जाना होगा |

हमारे राष्ट्र को सृजन की ऐसी आधारशिला की आवश्यकता हैं जिससे हिन्दी व क्षेत्रीय भाषाओँ के उत्थान के लिए एक ऐसा सृजनात्मक द्दष्टिकोण विकसित हो जो न सिर्फ हिन्दी व क्षेत्रीय भाषाओँ को पुष्ट करेगा बल्कि उन भाषाओ को एक दूसरे का पूरक भी बनाएगा। इससे भाषा की गुणवता तो बढ़ेगी ही उसकी गरिमा फिर से स्थापित होगी। आज के दौर में हिन्दी को लेकर जो नकारात्मकता चल रही है उसे सकारात्मक मूल्यों के साथ संवर्धन हेतु प्रयास करना होगा|

भारतीय राज्यों में समन्वय होने के साथ-साथ प्रत्येक भाषा को बोलने वाले लोगो के मन में दूसरी भाषा के प्रति भरे हुए गुस्से को समाप्त करना होगा | जैसे द्रविड़ भाषाओं का आर्यभाषा,नाग और कोल भाषाओं से समन्वय स्थापित नहीं हो पाया, उसका कारण भी राजनीति की कलुषित चाल रही, अपने वोटबैंक को सहेजने के चक्कर में नेताओं ने भाषाओं और बोलियों के साथ-साथ लोगो को भी आपस में मिलने नहीं दिया | इतना बैर दिमाग़ में भर दिया कि एक भाषाई दूसरे भाषाई को अपना निजी शत्रु मानने लग गया, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए था| हर भारतवंशीय को स्वभाषा का महत्व समझा कर देश की एक केंद्रीय संपर्क भाषा के लिए तैयार करना होगा. क्योंकि विश्व पटल पर भारत की कोई भी राष्ट्रभाषा नहीं हैं, विविधताओं के बावजूद भी भारत की साख में केवल राष्ट्रभाषा न होना भी एक रोड़ा हैं| हर भारतीय को चाहना होगा एक संपर्क भाषा वरना दो बिल्लियों की लड़ाई में बंदर रोटी खा जाएगा, मतलब साफ है कि यदि हमारी भारतीय भाषाओं के बीच हो लड़ाई चलती रही तो स्वभाविक तौर पर अँग्रेज़ी उस स्थान को भरेगी और आनेवाले समय में एक अदने से देश में बोली जाने वाली भाषा जिसे विश्व में भी कुल ७ प्रतिशत से ज़्यादा लोग नहीं बोलते भारत की राष्ट्रभाषा बन जाएगी |

स्वभाषाओं के बीच समन्वय का सबसे बेहतर विकल्प हैं- अंतर्राज्यीय भाषा सम्मेलन परिचर्चा | भारत के प्रत्येक वर्चस्वशील भाषाओं के बीच में साहित्यिक समन्वय से शुरुआत की जा सकती हैं | जैसे एक कवि सम्मेलन में तमिल, तेलगु, मलयाली भाषा के कवियों को आमंत्रित किया जाए और साथ में एक-एक हिन्दी अनुवादक लाए जाए जो तमिल की रचना को हिन्दी में सुनाए और हिन्दी की रचना को तमिल आदि भाषा में | साथ में भाषाओं के बोलने वालों के बीच समन्वय हेतु चर्चाओं का दौर शुरू हो, एक-दूसरे को स्वभाषा का सम्मान  बताया जाए, कमियाँ न गिना कर समन्वय की स्थापना की जाए | जब यह कार्य वृहद स्तर पर होने लगेगा तो निश्चित तौर पर हिन्दी राष्ट्र की जनभाषा का दर्जा पुन: प्राप्त कर लेगी और राष्ट्रभाषा बनने की कठिनाई भी दूर होगी|

साथ-साथ जनता में भाषा को लेकर राजनैतिक दूषिता को भी दूर करना होगा | एक भाषा की स्वीकार्यता के लिए सभी स्वभाषाओं का सम्मान करना सबसे आवश्यक कदम है | देश के २९ राज्यों और ७ केंद्रशासित राज्यों में भाषा की एकरूपता और स्वीकार्यता बहुत आवश्यक हैं | जनभाषा बनने के लिए हिन्दी भाषियों को भी विशाल हृदय का परिचय देते हुए अन्य भाषी समाज को स्वीकारना होगा तो अन्य भाषाओं के लोगों को हिन्दी भाषियों के साथ भी समन्वय रखना होगा| इसमे शासकीय भूमिका और मंशा भी महत्वपूर्ण कड़ी है | अन्यथा जनता की स्वीकारता को सरकार कमजोर भी कर सकती है यदि उनकी मंशा नहीं हैं तो | फिर भी जनतंत्र में जनता से बड़ी कोई इकाई नहीं हैं | जहाँ जनमत चाहेगा की एक भाषा हो, हिन्दी हमारी राष्ट्र की प्रतिनिधि भाषा हो तब सरकार को भी झुकना होगा | ‘एक साधे-सब सधे’ के सूत्र से राष्ट्र में भाषा क्रांति का सूत्रनाद संभव हैं, अन्यथा ढाक के तीन पात|

राजनीति से बहुत ज़्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती क्योंकि इन्हीं राजनैतिक छल-प्रपंचों ने हिन्दी को अभी तक स्वाभिमान नहीं दिलाया | इन्ही पर किसी शायर का एक शेर है –

गर चिरागों की हिफ़ाज़त फिर इन्हें सौंपी गई,

तो रोशनी के शहर में बस अंधेरा ही रह जाएगा…

 

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

पत्रकार एवं स्तंभकार

[ लेखक डॉ. अर्पण जैनअविचलमातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं तथा देश में हिन्दी भाषा के प्रचार हेतु हस्ताक्षर बदलो अभियान, भाषा समन्वय आदि का संचालन कर रहे हैं| ]

 

लघुकथा- चुनौती

*चुनौती*
सुन निगोड़ी… रोज सुबह उठ कर कहा चली जाती है, रोज के काम करना ही नहीं चाहती,
घर के बर्तन, कपड़े, खाना बनाना ये सब कौन करेगा…? तेरी माँ???
नौकरी से ज्यादा जरुरी घर का काम भी है…

रमा की सास ने रमा को डाँटते हुए कहा.. इसी बीच रमा का पति आकर कहने लगा…

*’रमा इस बार मकान की किश्त तुम तुम्हारी तनख्वाह से चुका देना, मेरी तन्ख्वाह इस बार भी नहीं मिली है……😔’*

अब चुनौती रमा के लिए यह है कि सास के काम में हाथ बटाएं या नौकरी करके घर चलाएं…?

*डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’*

हिन्दीग्राम, इंदौर

ऐ जाने वाले, लौट के आ जाओं…

आदरणीय सुरेश सेठ साहब की अन्तिम विदाई पर समर्पित चंद पंक्तियाँ…

 

*ऐ जाने वाले, लौट के आ जाओं…*

जब भी बदलती है बयार सभी,
शहर की कोई परवाह नहीं करता,
पर वो अकेला ही खड़ा रहा,
इंदौर की आत्मा का कवच बनकर…

एक शख्स जो रहा हमेशा शेर-सा
शान-ए-इंदौर राजवाड़े को बचाकर
गजासीन हो जब पहुँचा सदन में
बूढ़े इंदौर का मसीहा बनकर

पिता की भांति वो सदैव चिंतित रहा
अपने शहर की सलवटों को देखकर,
तमाचा भी उसी ने मारा मक्कारों को,
इंदौर का सच्चा हमदर्द बनकर..

हमसे आज वो अलविदा कह गया,
लड़ता रहा वो बस खामोश रहकर,
संघर्षों का योद्धा हर वर्ग से ऊपर,
इंदौर का आज से इतिहास बनकर..

बिछड़कर हमसे वो अमर हो गया,
दिलों में जिन्दा है वो दहाड़ बनकर,
अटल अविचल रहा वो हरदम,
अहिल्या की तरह अडिग बनकर..

नमन कर रहा था शहर सारा,
अपने शेर को बस विदाकर
रो रही थी हर आँख आज,
वो चला इंदौर का दर्द बनकर

*सेठ साहब अमर रहें….*

*डॉ.अर्पण जैन ‘अविचल’*
हिन्दीग्राम, इंदौर

 

यादों में हमेशा रहेंगे सेठ साहब

यादों में हमेशा रहेंगे सेठ साहब

हाँ! याद है पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए पोस्टकार्ड अभियान हेतु सेठ साहब से मिलना, पूर्ण समर्थन करने से शुरु हुआ मिलना, जानना उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को…।
शहर की जनता को राजवाड़ा वापस दिलवाने के संघर्ष से लेकर कई बड़े मुद्दे जिनमें स्ट्रीट लाईट की सौगात और यहाँ तक कि सुगनीदेवी जमीन का मामला सब जगह सफेद शेर की दहाड़ से शहर भलिभांति परिचित रहा |
कई दिनों के स्वास्थ्य संघर्ष के बाद सेठ साहब का शहर को अलविदा कहने से ज्यादा दुखदायी यकीनन एक आवाज का हमेशा के लिए चुप हो जाना और इंदौर के लिए लड़ने वाले शेर का चले जाना है ।
दैनिक इंदौर समाचार में लगातार मेरे आलेखों का प्रकाशित होना और पुन: मिलने पर सेठ साहब का पहचान जाना और लेखन के लिए आशीष देना सबकुछ अब चिर स्मृतियों में हमेशा के लिए अंकित हो गया। असमय काल के आगे शेर का नतमस्तक होकर विधि के विधान को स्वीकार कर हमें छोड़ जाना बहुत याद आएगा…सेठ साहब आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे…
अश्रुपूरित श्रृद्धांजलि सहित…

डॉ.अर्पण जैन ‘अविचल’
सम्पादक- खबर हलचल न्यूज,इंदौर

suresh seth indore samachar

झुलस रहा गणतंत्र, यह राष्ट्र धर्म नहीं

झुलस रहा गणतंत्र, यह राष्ट्र धर्म नहीं ===================================================== डॉ. अर्पण जैन अविचल

जहाँ हुए बलिदान प्रताप और जहाँ पृथ्वीराज का गौरव हो, जहाँ मेवाड़ धरा शोभित और जहाँ गण का तंत्र खड़ा हो, ऐसा देश अकेला भारत है, परन्तु वर्तमान में जो हालात विश्वपटल पर पहुँचाए जा रहे है वो भारत का असली चेहरा नहीं |

बलिदानों और शूरवीरों की धरा पर बच्चों पर हमले, राष्ट्र के इतिहास के नाम पर भविष्य पर पथराव ये राष्ट्र गौरव नहीं बल्कि राष्ट्र को बदनाम करने की सुपारी लेकर काम करने की नीयत ही प्रतीत होती है|

गणतंत्र दिवस पर इस बार इतिहास खुद को दोहराएगा। भारत ने 26 जनवरी 1950 को अपना पहला गणतंत्र दिवस मनाया था और उस समय दक्षिण पूर्व एशिया के दिग्गज नेता और इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो मुख्य अतिथि थे। आजादी के 68 साल बाद भारत ने एक बार फिर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो को गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित किया है।

                              हालांकि इस बार सिर्फ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ही मुख्य अतिथि नहीं होंगे। भारत ने आसियान के नौ अन्य राष्ट्राध्यक्षों को भी इस ऐतिहासिक पल के लिए आमंत्रित किया है जो गणतंत्र दिवस की परेड में भारत की सैन्य क्षमता और सांस्कृतिक विविधता के गवाह बनेंगे। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान के 10 देशों के राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रित किया है जो अपने आप में अप्रत्याशित है।

और इस गौरव क्षण में राष्ट्र जातिवाद के दावानल में जल रहा है, विरोध तो इतिहास के साथ हुई खिलवाड़ का होना था, परन्तु कहीं मासूम बच्चों की स्कूली बस पर पथराव तो कहीं बसें जलाई जा रही है | ये सब सोची समझी साजिश है हिन्द की अस्मिता को दाँव पर लगा कर वैश्विक मंच पर बदनाम करने की |

राष्ट्र आन्तरिक कलह की आग में झुलस रहा है,और झुलसा हुआ शरीर लेकर क्या हम गणतंत्र दिवस मनाएंगे ? आखिर शर्म तो तब आनी चाहिए थी जब देश के अंदर ही जयचंद जिन्दा हो |

राष्ट्रीय पर्व के समीप आते ही गर्व और शौर्य का परचम लहराने वाले राजपूतों के नाम पर करणी सेना बना कर शौर्य को बदनाम करने का बीड़ा उठाकर राष्ट्र को तोड़ा जा रहा है |खण्डित गणतंत्र क्या राष्ट्रधर्म का निर्वाह कर रहा है ??

धिक्कार है ऐसे शिखंडियों पर, जो राष्ट्र के गौरव और सम्मान को विश्व पटल पर लज्जित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हो |अब भी हमारी आजादी और गणतंत्र अधूरा है, क्योंकि अभी भी जयचंद जिन्दा है |

भामाशाह और प्रताप के वंशज ऐसा तो नहीं कर सकते, क्योंकि सुना है शेर पुष्प और मासूम घास नहीं खाता|

परन्तु दुर्भाग्य है इस देश का कि यहाँ चंद चांदी के सिक्को की खनक से माँ का चीर हरण भी सहर्ष देखा और खरीदा जा सकता है |करणी सेना द्वारा जो राष्ट्रीय पर्व के समिप ही राष्ट्र संपत्तियों को नुकसान पहुँचाया जा रहा है, ये उनके जयचंद होने के प्रमाण से ज्यादा क्या होगा | भारत में जिस तरह से करणी सेना पद्मावत फिल्म के विरोध में राष्ट्र संपत्ति पर प्रहार कर रही हैं, ये लोकतंत्र या गणतंत्र नहीं बल्कि विरोध के तरीके से राष्ट्रीय नुकसान हैं |

बहरहाल देश को झुलसने से बचाने में अपना सर्वस्व अर्पण करें, वर्ना हम एक दिन बिखरा हुआ राष्ट्र और खण्ड-खण्ड विखंडित समाज ही बच्चों को विरासत में सौंप पाएंगे |

 डॉ. अर्पण जैन अविचल

पत्रकार एवं स्तंभकार

इंदौर, मध्यप्रदेश

07067455455

 

मैं जरुरत बनूंगा

हाँ !
प्यार की ठण्ड से *ठिठुरते* जज्बातों पर
मैं तुम्हारी तपन बनूंगा,

हाँ !
उम्मीद के स्याह आसमान में दीपक-सी
मैं तुम्हारे लिए रोशनी बनूंगा,

हाँ!
थामकर हाथ मेरा चलने की आदत है तुम्हें
मैं तुम्हारी लाठी बनूंगा,

हाँ !
तुम्हें जरुरत दवा की नहीं मेरे साथ की है,
मैं तुम्हारी जरुरत बनूंगा

हाँ!
स्वप्नों की सेज पर संबलता का साया,
मैं तुम्हारी हकिकत बनूंगा

हाँ!
गन्तव्य पर पथिक बन चलों तुम,
मैं तुम्हारी कोशिश बनूंगा,…

 

*डॉ.अर्पण जैन ‘अविचल’*